जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्वर्गीय दीपक मोहन बडोला की स्मृति में आयोजित राज्यस्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में बागेश्वर और बालिका वर्ग में हल्द्वानी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की।
राजकीय इंटर कॉलेज दुगड्डा के मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन मुकाबलों का शुभारंभ राजगौरव नौटियाल, आशीष नेगी और संदीप जोशी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में बागेश्वर ने हल्द्वानी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया, जबकि हल्द्वानी की टीम उपविजेता रही। तीसरे स्थान पर ऋषिकेश की टीम रही। बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में हल्द्वानी की टीम ने नैनीताल को हराकर चैंपियनशिप जीती। नैनीताल की टीम उपविजेता रही, जबकि मेजबान दुगड्डा की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रदीप बडोला ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों और समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शांति बिष्ट, राजीव कपूर सहित आयोजन समिति के सदस्य और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।