अवैध खनन व टै्रक्टर, डम्परों से ग्रामीण परेशान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। खोह, सुखरौ और मालन नदी में दिन-रात धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा है, लेकिन इस ओर अधिकारी देखने को तैयार नहीं है। जिस कारण खनन कारियों के हौंसले बुलंद है। रात के समय अवैध खनन व ट्रैक्टर व डंपरों की आवाजाही से लोग चैन की नींद भी नहीं सो पा रहे है। वार्ड नंबर 32 शिवराजपुर के लोगों ने उपजिलाधिकारी से नदियों में हो रहे अवैध खनन व रात के समय ट्रैक्टरों एवं डंपरों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।
शिवराजपुर के लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मालन नदी से अवैध खनन कर रात 8 से सुबह 9 बजे तक डम्पर व टै्रक्टर के माध्यम से अवैध स्टॉक किया जा रहा है। ओवर लोड वाहनों की वजह से जहां सड़के जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है वहीं पुलिया भी टूट चुकी है। जिस कारण हर समय दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि रात्रि में ओवर लोड वाहनों की आवाजाही के कारण जहां स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है वहीं बीमार व बुजुर्गों का सोना मुश्किल हो रखा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क के दोनों ओर बने मकानों में दरारें पड़ चुकी है, जिससे लोग परेशान है। अवैध खनन से परेशान कई लोग घर बेचने को मजबूर हो गये हैं। उन्होंने कहा कि जब खनन माफियों से इस बारे में बात की गई तो वह कहने लगे कि जिसे जो करना है कर लो हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी प्रशासन से अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। जिससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। शिवरापुर के लोगों ने उपजिलाधिकारी से आबादी के बीच में बने आरबीएम के स्टॉक को शिफ्ट करने और नदियों में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *