देहरादून , पटेलनगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर युवकों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। पटेलनगर औद्योगिक क्षेत्र में एसजीआरआर कॉलेज वाली गली में पहले चार-पांच राउंड फायरिंग की गई। इसके बाद आरोपी कार सवार युवक मौके से भाग निकले।
दूसरे पक्ष के युवकों ने उनका पीछा किया तो शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक के पास फिर गोली चला दी गई। इस दौरान साहिल गोली लगने से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटनाक्रम की शुरुआत बृहस्पतिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे हुई। साहिल, सुजल, दक्ष, अंशुल, आदित्य और विशाल पटेलनगर में खड़े थे। इसी दौरान हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार से गुरमीत नाम का युवक कुछ अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचा। दोनों गुटों के बीच पहले से किसी बात को लेकर तनाव था।
उसी पर यहां विवाद हुआ और एक गुट के युवक कार में बैठकर वहां से जाने लगे। तभी दूसरे गुट के छह-सात युवक आगे बढ़े और डंडे से कार की शीशा फोड़ दिया। इसके बाद कार सवार युवकों ने चार-पांच राउंड फायर किए और लालपुल की ओर निकल भागे।