मस्कट ,। ओमान के मस्कट में खेले गए एफआईएच यूथ हॉकी5ह्य एशियन चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम का जबरदस्त जलवा देखने को मिला है। खिताबी भिड़ंत में टीम इंडिया ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 के अंतर से धूल चटाकर शानदार अंदाज में ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम एलीट पूल टेबल पर शीर्ष पर रहते हुए फिनिश करने में कामयाब रही। फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों ने आगामी एफआईएच यूथ हॉकी5ह्य वर्ल्ड कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
13 मिनट के भीतर दागे तीन गोल, पाकिस्तान को नहीं मिला वापसी का मौका
टूर्नामेंट में भारतीय टीम का दबदबा शुरुआत से ही देखने को मिला था। लीग चरण के मैच में भी भारत ने पाकिस्तान को 7-3 से करारी शिकस्त दी थी, जिसके चलते फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर था। खिताबी मुकाबले के पहले हाफ में ही भारत ने ताबड़तोड़ आक्रामक खेल दिखाया। खेल के 5वें मिनट में रोमित पाल ने पहला गोल दागकर भारत का खाता खोला। इसके बाद 12वें मिनट में कप्तान केतन कुशवाहा और 13वें मिनट में शाहरुख अली ने गोल दागे, जिससे महज 13 मिनट के भीतर ही भारत 3-0 से आगे हो गया। पाकिस्तान की ओर से खेल के 16वें मिनट में मोहम्मद उस्मान ने एकमात्र गोल किया, लेकिन इसके बाद भारतीय डिफेंस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया और भारत ने 3-1 से मैच अपने नाम कर लिया।
हॉकी इंडिया ने किया नकद पुरस्कार का ऐलान, महिला टीम को भी इनाम
पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में इस ऐतिहासिक जीत के बाद हॉकी इंडिया ने भारतीय युवा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ पर पैसों की बारिश कर दी है। विजेता पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा, हॉकी इंडिया ने टूर्नामेंट के फाइनल में चीन से 4-2 से हारकर उपविजेता रही भारतीय सब-जूनियर महिला हॉकी टीम के लिए भी नकद इनाम की घोषणा की है। महिला टीम की हर खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये नकद दिए जाएंगे।