राजभवन में गूंजा शिक्षा और तकनीक का नवाचार : पौड़ी गढ़वाल की टीम सम्मानित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड में शिक्षा के स्तर को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने की दिशा में चलाए जा रहे “ऑपरेशन कल्कि” अभियान ने एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। राजभवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राज्यपाल एवं शिक्षा सचिव रविनाथ रमन द्वारा इस अभियान को सफल बनाने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राज्य के सभी 13 जनपदों को “एआई थीम” के माध्यम से एक मंच पर लाने और तकनीकी आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने में जनपद पौड़ी गढ़वाल का प्रदर्शन सराहनीय रहा। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्रीमती रश्मि उनियाल सहायक अध्यापक विज्ञान राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्रास्टनगंज को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और समन्वय के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में जनपद के विद्यार्थियों ने तकनीक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अभियान के अंतर्गत अपनी तकनीकी दक्षता दिखाने वाले जनपद के निम्नलिखित छात्र-छात्राओं को राज्यपाल के करकमलों द्वारा सम्मानित किया गया। जिसमें आरूषि व अक्षत: राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्रास्टनगंज, रमन चौधरी जी.आई.सी. दुगड्डा, जतिन: जी.आई.सी. कुम्भीचौड़, याशिका ए.यू.जी.आई.सी. शामिल रहे। विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में पूनम पांथरी, संगीता कुकरेती, श्रीमती कविता बिष्ट रावत के उत्कृष्ट मार्गदर्शन और समर्पण की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *