दैनिक जीवन में नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए किया प्रेरित

Spread the love

छ: दिवसीय “शास्त्रीय हठ योग कार्यशाला” का सफल आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन में छ: दिवसीय “शास्त्रीय हठ योग कार्यशाला” का सफल आयोजन किया गया। समापन समारोह में माननीय सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर ने योग प्रशिक्षकों राम निवास एवं नेहा तोमर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उत्तम शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं कार्यक्षमता बढ़ाने हेतु दैनिक जीवन में नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए सभी को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर की यह पहल सैनिकों एवं उनके परिवारों के शारीरिक एवं मानसिक कल्याण की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय एवं महत्वपूर्ण कदम है।


इस कार्यशाला का संचालन ईशा फाउंडेशन के सद्गुरु गुरुकुलम से प्रशिक्षित शास्त्रीय हठ योग प्रशिक्षकों राम निवास एवं नेहा तोमर द्वारा किया गया। छ: दिनों तक चले इस शिविर में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रामाणिक योग अभ्यास, ध्यान, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवन शैली से संबंधित विभिन्न सत्रों का संचालन किया गया। इस योग शिविर का उद्घाटन ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर द्वारा किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सैनिकों एवं उनके परिवारजनों में स्वस्थ जीवन शैली को प्रोत्साहित करना, मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस तथा तनाव प्रबंधन की क्षमता विकसित करना एवं समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसके अंतर्गत प्रतिदिन निर्धारित समय पर योगाभ्यास कराया गया, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक है, बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस छ: दिवसीय शिविर में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में अधिकारी, जवान एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *