कीर्तिनगर-चौरास मोटर मार्ग पर बिछाई जा रही इंटरलॉकिंग टाइल्स

Spread the love

– तीन करोड़ 18 लाख 19 हजार की लागत से बिछाई जा रही हैं टाइल्स
श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड कीर्तिनगर के 100 से अधिक गांवों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने कीर्तिनगर-धौडंगी-सौराखाल मोटर मार्ग के चौरास क्षेत्र में सड़क सुधार कार्य आरंभ कर दिया है। करीब तीन करोड़ 18 लाख 19 हजार रुपये की लागत से सड़क के आरसीसी हिस्सों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई जा रही हैं जिससे लंबे समय से जर्जर मार्ग पर आवागमन सुगम हो सकेगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मोटर मार्ग के करीब 9.7 किलोमीटर हिस्से पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क के उन हिस्सों की भी मरम्मत की जाएगी जहां गड्ढे बन गए हैं या सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ऐसे स्थानों पर ब्लैकटॉप कर मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का कार्य बैरांगना क्षेत्र से शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण में यह कार्य डुंगरी तक किया जाएगा। इसके बाद चौरास क्षेत्र के अन्य आंतरिक संपर्क मार्गों पर भी इसी प्रकार का निर्माण कार्य किया जाएगा ताकि पूरे क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाया जा सके। अब इंटरलॉकिंग टाइल्स और ब्लैकटॉप के कार्य से सड़क की गुणवत्ता में सुधार होगा। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, यात्रा समय कम होगा और लोगों को सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सकेगी। ईई ने बताया कि विभाग ने निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार के साथ एक वर्ष का अनुबंध किया है। लेकिन कार्य को निर्धारित समय से पहले पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि मौसम ने साथ दिया तो दीपावली तक अधिकांश निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *