काशीपुर। चीनी मिल के बीते पेराई सत्र में एक के बाद एक आईं दिक्कतों के कारणों का पता लगाने एवं इन दिक्कतों को दूर करने के लिये फेडरेशन ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी ने चीनी मिल पहुंचकर अधिकारियों, कर्मचारियों व किसानों से अलग अलग वार्ता की। इसकी जांच रिपोर्ट जल्द फेडरेशन सचिव को भेजी जाएगी। पेराई सत्र 2021-22 में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इन्हीं दिक्कतों के कारण रिकवरी रेट बेहद कम आया था। तथा चीनी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे थे। किसान भी लगातार इसकी जांच की मांग कर रहे थे। ऐसे में चीनी उद्योग फेडरेशन ने मामले की जांच के संबंध में नादेही जसपुर के जीएम विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही फेडरेशन को भेजने के निर्देश दिये हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में शुक्रवार को कमेटी के अध्यक्ष विवेक प्रकाश, चीफ केमिस्ट किच्छा सुधीर कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर डोईवाला राकेश कुमार शर्मा मिल में पहुंचे। टीम ने सबसे पहले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा किसानों ने अलग अलग बैठ कर वार्ता की। किसान यूनियन से जुड़े किसानों ने जांच कमेटी सदस्यों से कहा कि मिल में जो भी दिक्कतें आई उसका असल जिम्मेदार चीफ इंजीनियर थे। क्योंकि जो काम समय से होना था उस काम को समय से नहीं कराया गया। किसानों ने ये भी आरोप लगाया कि मिल में रिपेयरिंग के नाम पर करोड़ों का घोटाला हुआ है। इसकी जांच होनी जरूरी है।