आईटीबीपी के जवानों ने बोल्डर हटाकर शुरू की आवाजाही

Spread the love

उत्तरकाशी। बृहस्पतिवार को गंगोत्री हाईवे पर स्वारीगाड के समीप बोल्डर और मलबा आने से आवाजाही करीब दो घंटे बंद रही। वहां पर बीआरओ की मशीन पहुंचने में हुई देरी के कारण मौके पर मौजूद आईटीबीपी जवानों सहित स्थानीय लोगों ने संयुक्त प्रयास से बड़े-बड़े बोल्डर हटाकर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई। उसके बाद मौके पर पहुंची मशीनों ने मलबा व बोल्डर हटाकर बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई। दूसरे ओर यमुनोत्री हाईवे पर बृहस्पतिवार को तीसरे दिन दोपहर बाद बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। हाईवे पर बड़े वाहनों का संचालन बहाल होने से सरकारी सिस्टम, स्थानीय लोगों और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। यमुनोत्री हाईवे पर बाड़िया गांव के नीचे भूस्खलन होने के कारण पिछले दो दिनों से बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित होने के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
यमुनोत्री हाईवे पर बाडिया गांव के नीचे भू-धंसाव और दूसरी ओर यमुना नदी के कटाव के चलते सड़क का हिस्सा संवेदनशील बना हुआ है यहां हाईवे पर ऊपर से भूस्खलन हो रहा है तथा नीचे यमुना नदी के कटाव से भी भूस्खलन हो रहा है। सुरक्षा दीवारों के पूरी होने के बाद बृहस्पतिवार को दोपहर बाद बड़े वाहनों के लिए भी हाईवे खोल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *