जानकीचट्टी में सड़क पर बह रहा सीवेज

Spread the love

बड़कोट। यमुनोत्री धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव जानकीचट्टी में स्मार्ट शौचालय के पिट टैंक की लीकेज ने स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल दी है। कई दिनों से सीवरेज पार्किंग स्थल और पैदल आवागमन के रास्ते पर बह रहा है। यात्रा सीजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच सार्वजनिक स्थान पर फैली गंदगी और तेज दुर्गंध यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। पिट टैंक से निकल रहा गंदा पानी लगातार पार्किंग क्षेत्र में फैलने के बाद पैदल रास्ते तक पहुंच रहा है। यात्रियों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवरेज की दुर्गंध आसपास के होटल और ढाबों तक पहुंच रही है जिससे संचालकों और वहां ठहरने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। होटल व्यवसायी एवं स्थानीय निवासी अरविंद सिंह रावत ने कहा कि यात्रा सीजन में जानकीचट्टी में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे समय में खुले में सीवरेज बहना गंभीर समस्या है।
उन्होंने कहा कि कई दिनों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय कारोबारियों में नाराजगी है। संबंधित एजेंसी को तत्काल मौके पर पहुंचकर लीकेज बंद करनी चाहिए। लोगों ने कहा कि यमुनोत्री यात्रा मार्ग का प्रमुख पड़ाव होने के कारण जानकीचट्टी की स्वच्छता सीधे यात्रियों के अनुभव और क्षेत्र की छवि से जुड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *