कोटद्वार-पौड़ी

जगह-जगह खुले चेंबरों से बना दुर्घटना का खतरा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। राष्ट्रीय राजमार्ग 534 नजीबाबाद-बुआखाल मार्ग सहित नगर निगम क्षेत्र की सड़कों की हालत दयनीय बनी है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। लगता है निगम प्रशासन को किसी बड़ी दुर्घटना होने का इंतजार है। बदरीनाथ मार्ग पर जगह-जगह क्षतिग्रस्त चेंबर दुर्घटना को न्यौता दे रहे है। वहीं गाड़ीघाट तिराहे पर क्षतिग्रस्त चेंबर से हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
बदरीनाथ मार्ग पर राजकीय बेस अस्पताल के पास, प्रधान डाकघर के पास सीवर का चेंबर क्षतिग्रस्त होने से से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।  रात के समय अधिक खतरा बना रहता है। शहर की सीवर व्यवस्था का जिम्मा जल संस्थान का है। जल संस्थान के अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद भी क्षतिग्रस्त चेंबरों को ठीक नहीं कराया जा रहा है। वहीं गाड़ीघाट तिराहे पर सीवर का चेंबर काफी समय से क्षतिग्रस्त हो रखा है। नगर निगम प्रशासन जानकारी के बावजूद भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जबकि यह क्षेत्र का मुख्य तिराहा है। यहां से हर समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय निवासी संदीप, महेश ने बताया कि नगर निगम को इसकी शिकायत भी कर चुके है, लेकिन जिम्मेदार इसे ठीक करने की जहमत नहीं उठा रहे है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। निगम की कार्यप्रणाली से तो ऐसा लगता है कि निगम को किसी बड़ी घटना होने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए निगम को जल्द ही इस समस्या का निराकरण करना चाहिए। इसके अलावा पुराना निगम क्षेत्र के अन्य स्थानों में भी सड़क बीच में बने नालियों के क्षतिग्रस्त चेंबर लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए है। यह चेंबर पूर्व में भी कई बार क्षतिग्रस्त हो चुके है। यह चेंबर भी पिछले काफी समय से फिर से क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवर लोड वाहनों की वजह से चेंबर बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाते है। उधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियन्ता एलसी रमोला का कहना है कि बदरीनाथ मार्ग पर क्षतिग्रस्त चेंबर का मामला संज्ञान में है। जल्द ही क्षतिग्रस्त चेबरों के ढक्कन को बदल दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!