नई टिहरी। जिला अस्पताल बौराड़ी को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने की मांग पर संयुक्त संघर्ष समिति अड़ी हुई है। रविवार को धरना स्थल पर वार्ता को पहुंचे विधायक किशोर उपाध्याय ने आंदोलनकारियों से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला अस्पताल बौराड़ी को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने संबंधी समिति का प्रस्ताव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजेंगे। समिति से जुडे़ लोगों ने कहा कि लिखित पत्र मिलने के बाद ही आंदोलन स्थगित करने पर विचार किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट व राहुल बुटोला की भूख हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही।
विधायक उपाध्याय और भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कठैत बौराड़ी गणेश चौक धरना स्थल पर पहुंचे। संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, प्रवक्ता महीपाल सिंह नेगी, कमल सिंह महर, डॉ. यूएस नेगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सजवाण, महामंत्री संदीप रावत ने कहा कि जब तक जिला अस्पताल बौराड़ी को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने की मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन स्थगित नहीं किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने कहा कि नई टिहरी शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी को बेस अस्पताल बनाया जाना जरूरी है। विधायक ने समिति से बैठक कर स्पष्ट मांगपत्र तैयार करने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मांगपत्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा जाएगा। समिति ने कोर कमेटी की बैठक कर प्रस्ताव का ड्राफ्ट तैयार करने और उसे विधायक व सरकार को देने की बात कही। इस मौके पर नरोत्तम दत्त जखमोला, उक्रांद के जिलाध्यक्ष डीडी पंत, भगवान देई तोपवाल, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत, देवेंद्र नौडियाल, लखवीर चौहान आदि मौजूद रहे।