संयुक्त छात्र परिषद ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : विवि की पीएचडी प्रवेश परीक्षा व शिक्षकों व कर्मचारियों की नियुक्तियों की सीबीआई जांच न कराए जाने पर एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के संयुक्त छात्र परिषद ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने आशंका जताई कि विवि की पीएचडी प्रवेश परीक्षा को लीक करने की कोशिश की गई है। उन्होंने अन्य कई मांगें भी उठाईं। कहा यदि मांगों पर विवि ने तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो उग्र आंदोलन करेंगे।
बिड़ला परिसर स्थित छात्र संघ भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट व महासचिव अनुरोध पुरोहित ने कहा कि विवि में लगातार अनियमितताएं पाई जा रही हैं। विवि प्रशासन लगातार छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश करा रहा है। जल्द ही नियुक्तियों व अन्य मामलों को दस्तावेजों के साथ उजागर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा में धांधली की आशंका को देखते हुए विवि को इस मामले में उच्चस्तरीय जांच करानी चाहिए। जिन अधिकारियों की ओर से परीक्षा हाल में फोन ले जाए गए उन पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने पीएचडी प्रवेश परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग न करने, शोधार्थियों के लिए एकेडमिक माहौल बनाने, फीस वृद्धि वापस लेने, नई बसें उपलब्ध कराने, बसों के रख-रखाव पर ध्यान देने, खेल की सुविधाएं छात्रों को दिए जाने की मांग भी की गई। उन्होंने विवि में निर्माण व विवि के प्रिंटिंग कार्यों में धांधली का आरोप भी लगाया। विवि में संचालित ऑनर्स कोर्स की मार्कशीट में आनर्स लिखा हुआ नहीं आने व बेवजह की यात्राओं में वाहनों का उपयोग किए जाने पर भी आक्रोश जताया। इस मौके पर छात्र नेता अमन पंवार, अभिषेक, दीपक चौधरी, पूर्व महासचिव देवकांत देवराड़ी, रामप्रकाश, पुलकित अग्रवाल, आयुष कंडारी, संजय बिष्ट आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *