हल्द्वानी ,एमबीपीजी कॉलेज में बुधवार को एक युवक देसी तमंचा लेकर घुस गया। आरोप है कि उसने उपाध्यक्ष पद पर चुनाव की तैयारी कर रहे एमए प्रथम वर्ष के छात्र वशिष्ठ कुमार पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दे डाली। मौके पर मौजूद छात्रों ने आरोपी को पकड़कर तमंचा छीना और प्राचार्य कार्यालय ले गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। वहीं नाराज छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया और चौकी पर भी पहुंचे। कॉलेज प्रशासन और छात्र नेता की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है।
वशिष्ठ कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे वह कॉलेज परिसर में भूगोल विभाग के पास छात्रों से कन्वेंसिंग कर रहे थे। इस दौरान प्रतिद्वंदी प्रत्याशी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और तमंचा उसकी कमर पर लगाते हुए धमकी दे डाली। आरोप है कि युवक ने कहा कि अगर वह छात्र संघ चुनाव से अपना नाम वापस नहीं लेते हैं और प्रचार-प्रसार बंद नहीं करते तो उन्हें व उनके समर्थकों को जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद अचानक हंगामा शुरू हो गया। मौके पर मौजूद कुछ छात्र नेताओं ने आरोपी युवक को पकड़ा और उसके हाथ से तमंचा छीना। इस दौरान कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कॉलेज प्रशासन और पुलिस पहुंचे। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी पहुंची तब नाराज छात्र वहां भी पहुंच गए। पुलिस के समझाने पर छात्र तहरीर देकर वापस लौटे।