कामधेनुलोक गौशाला का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने गौसंरक्षण, गौसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा भारतीय आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। इसके साथ ही गौसंरक्षण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। गांवों में आज भी गौ माता को परिवार का सदस्य मानकर उनकी सेवा की जाती है। गौसंरक्षण केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण आजीविका से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक रूप ले चुका है। संस्था की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। हरिद्वार में भी हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एंबुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गौशाला में गोवंश के उपचार, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ ही जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखभाल और गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं। इनसे स्थानीय पशुपालकों को बेहतर अवसर मिलने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके साथ ही ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *