कनखल से लापता युवक का शव नहर पटरी पर मिला

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में शनिवार सुबह नहर पटरी पर एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ठंड लगने या ह्दयगति रुकने से होना मान रही है। सुबह ऋषिकुल के पास नहर के किनारे राहगीरों ने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब जांच की तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान नन्हे साहनी (42 वर्ष) पुत्र हर्ष स्वरूप साहनी निवासी कुम्हारगढ़ा थाना कनखल मूल निवासी शहरपुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
परिजनों से पूछताछ में पता चला कि नन्हे शुक्रवार देर रात बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। परिजनों ने सूचना पर पुलिस उन्हें तलाश रही थी। इसी बीच शनिवार सुबह उनका शव नहर पटरी पर मिला। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह रावत ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुरानी चोटों के निशान जरूर पाए गए हैं। बताया गया कि कुछ माह पहले नन्हे सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे, जिसके बाद से वे मानसिक रूप से कमजोर हो गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी, हालांकि शुरुआती जांच में संभावना जताई जा रही है कि ठंड लगने या फिर ह्दयगति रुकने के कारण जान गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *