जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नयार घाटी सतपुली से 24वीं पैदल कांवड़ यात्रा गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ हरिद्वार के लिए रवाना हुई। स्थानीय लोगों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच कांवड़ियों का स्वागत करते हुए यात्रा दल को विदाई दी। यात्रा में शामिल शिवभक्त 11 अगस्त को दंगलेश्वर महादेव मंदिर में गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

नयारघाटी कांवड़ समिति के अध्यक्ष चंद्रमोहन डोबरियाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा दल गुरुवार रात्रि हरिद्वार में विश्राम करेगा। इसके बाद शुक्रवार सुबह श्रद्धालु गंगाजल लेकर पैदल यात्रा शुरू करेंगे। चार दिनों की यात्रा पूरी कर कांवड़िए10 अगस्त को दंगलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे, जहां 11 अगस्त को विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नयारघाटी से यह पैदल कांवड़ यात्रा पिछले 24 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव के प्रति आस्था व्यक्त करने के साथ-साथ क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना है। हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त इस यात्रा में शामिल होकर अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं। इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष सुनील डंडरियाल, जयदीप नेगी, वीरेंद्र नेगी, प्रेम सिंह रावत, अनसूया प्रसाद, राम सिंह, सत्यनारायण वेदी, नरेंद्र, पंकज, विजय डोबरियाल, प्रदीप लखेड़ा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।