कर्णप्रयाग। ब्लॉक के दुर्गम गांव गुनाड़, कोली तल्ली और खालधार माठा सहित छह से अधिक गांव जल्द सड़क सुविधा से जुड़ेंगे। कर्णप्रयाग को तीन नई सड़कों की सौगात मिली है। साथ ही 15.05 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। वर्तमान में इन गांवों के ग्रामीणों को तीन से साढ़े तीन किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पार कर आवाजाही करनी पड़ती है।
कुल 9.125 किलोमीटर लंबी इन तीन नई सड़कों के सर्वे, एलाइनमेंट, मृदा परीक्षण, वन अधिनियम की फाइल और डीपीआर तैयार करने के लिए 15.05 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है जिसमें से लोक निर्माण विभाग गौचर के पास दो और लोनिवि कर्णप्रयाग के पास एक सड़क का जिम्मा है। विधायक अनिल नौटियाल ने बताया कि इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों का सफर सुगम होगा। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में मदद मिलेगी और स्थानीय कृषि व बाजार कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा।