केंद्र सरकार देश के जवान और किसानों के प्रति संवेदनशील नहीं : आप

Spread the love

बागेश्वर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार देश के जवान और किसानों के प्रति संवेदनशील नहीं है। आंदोलन कर रहे किसानों पर जिस तरह केंद्र सरकार बर्ताव कर रही है वह लोकतांत्रिक नहीं है। किसानों के साथ कदम से कदम मिलाकर आप संघर्ष करेगी।
सोमवार को आप के प्रदेश उपाध्यक्ष ने पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि उनकी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। देश में चल रहे किसान आंदोलन का उनका पूरा समर्थन है। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की मांगों की अनदेखी कर रही है। देश का किसान सड़कों पर है और देश के गृहमंत्री हैदराबाद चुनाव में व्यस्त हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों के प्रति संजिदा नहीं है। सरकार ने नया कृषि विधेयक लागू करके देश के किसानों का अहित किया है। किसानों को लाभ पहुंचाने के बजाय उनके उपज अनाज पर सरकार अपना हक जमाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो उनकी पार्टी भी किसानों के साथ आंदोलन करेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत ने कहा कि केंद्र के साथ राज्य की नीतियां भी जनविरोधी है। भ्रष्टाचार चरम पर है। आम आदमी बिजली, सड़क, पानी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी आधारभूत जरुरतों का हाल आप देख ही रहे है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में असमय लोग मरने को मजबूर है। शिक्षा व्यवस्था नही होने से गांवों से लोग पलायन कर रहे है। यह सब जनता समझ गई है। पहले कांग्रेस ने लूटा अब भाजपा लूट रही है। आने वाले चुनावों में जनता दोनों को सबक सिखाएगी। आम आदमी पार्टी बहुमत से सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *