कोटद्वार में सिटी बस संचालन नहीं होने पर उत्तराखंड विकास समिति ने जताई नाराजगी

Spread the love

2022-23 से उठ रही मांग, मुख्यमंत्री से लेकर अधिकारियों तक पहुंचाए जा चुके हैं ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में सिटी बसों का संचालन शुरू नहीं होने पर उत्तराखंड विकास समिति ने नाराजगी जताई है। समिति ने कहा कि लंबे समय से सिटी बस संचालन की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे शहरवासियों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


समिति के अध्यक्ष जानकी बल्लभ मैंदोला ने कहा कि कोटद्वार में सिटी बस संचालन को लेकर वर्ष 2022-23 से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री से लेकर नगर निगम और संभागीय परिवहन विभाग तक को कई बार ज्ञापन भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद मांग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन कर समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाने के बजाय मीडिया के माध्यम से लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इसे जनहित के विपरीत बताते हुए कहा कि शहर में सिटी बसों का संचालन शुरू होना बेहद जरूरी है। मैंदोला ने कहा कि सिटी बस सेवा शुरू होने से शहरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी। समिति ने जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों से जल्द सिटी बस संचालन शुरू करने की मांग की। इस मौके पर पीए अंथवाल, विजय माहेश्वरी, शशिमोहन उनियाल और विपुल उनियाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *