सीओ कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने किया कोतवाली लैंसडौन का अद्र्धवार्षिक निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार श्रीमती अस्मिता ममगाईं द्वारा बुधवार को कोतवाली लैंसडौन का अद्र्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। साथ ही थाना कार्यालय में संचालित सीसीटीएनएस पोर्टल, अन्य ऑनलाइन पोर्टलों एवं विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के बाद कोतवाली प्रभारी को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने थाना परिसर, कार्यालय कक्ष, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात तथा पुलिस कर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की गहन जांच की। साथ ही लंबित अभियोगों, विवेचनाओं की स्थिति और अपराध नियंत्रण को लेकर की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की। इस दौरान कोतवाली को आवंटित शस्त्रों का निरीक्षण कर पुलिस कार्मिकों से शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास करवाया गया। सीओ ने शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई एवं उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने थाना परिसर में नियुक्त समस्त पुलिस कार्मिकों की समस्याओं को सुना। सीओ ने सभी पुलिसकर्मियों को जनता के साथ शालीन व्यवहार रखने, समयबद्ध कार्रवाई करने और क्षेत्र में सक्रिय गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।