जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्रास्टनगंज स्थित दशहरा मैदान में तीन अलग-अलग रावण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग दशहरा मेले में पहुंचे। रावण दहन के साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
मंगलवार सुबह से ही ग्रास्टनगंज में दशहरा मेले की तैयारियां शुरू हो गई थीं। दुकानदारों ने दुकानें और फड़ सजाए, जबकि दोपहर बाद मेले में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। शाम होते-होते दशहरा मैदान में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्री रामलीला कमेटी मालवीय उद्यान, बाल रामलीला कमेटी और गढ़ श्री रामलीला कमेटी आमपड़ाव की ओर से रावण के पुतले तैयार किए गए थे। देर शाम तीनों समितियों की ओर से अलग-अलग रावण के पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। रावण दहन देखने के लिए मैदान में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। पुतलों के दहन के साथ ही लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

भीड़ नियंत्रित करने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
दशहरा मैदान में उमड़ी भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों की भीड़ लगातार मैदान की ओर बढ़ रही थी। इसे देखते हुए पुलिस ने दोपहर से ही ग्रास्टनगंज की ओर जाने वाले मार्गों पर मोर्चा संभाल लिया था। पुलिसकर्मियों ने दुपहिया और चौपहिया वाहनों को मैदान की ओर जाने से रोका, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। साथ ही लोगों से रावण के पुतलों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई। भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी देर शाम तक व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।