कोटद्वार-पौड़ी

कोटद्वार बचाओ संघर्ष समिति आज करेगी नगर निगम का घेराव

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जन समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में जन समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रही कोटद्वार बचाओ संघर्ष समिति गुरुवार को नगर निगम का घेराव करेगी। समिति ने जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की भी चेतावनी दी है। कहा कि जन समस्याओं की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, उपजिलाधिकारी ने बुधवार को समिति के सदस्यों के साथ बैठक भी की।
जन समस्याओं को लेकर कुछ सप्ताह पूर्व कोटद्वार बंद का सफल आंदोलन चलाने के बाद अब कोटद्वार बचाओ संघर्ष समिति ने निगम के खिलाफ भी आंदोलन शुरू कर दिया है। समिति के संरक्षक नागेंद्र उनियाल ने कहा कि नगर निगम गठन के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर विकास की उम्मीद थी। लेकिन, नगर निगम जन समस्याओं का निराकरण नहीं कर पा रहा है। आज भी सड़कों पर आवारा गोवंशों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अधुनिक बस अड्डे के नाम पर मोटर नगर में केवल एक गड्ढा ही नगर आ रहा है। अतिक्रमण हटाने के बाद भी पैदल चलने के लिए फुटपाथ नहीं बनाए गए है। शहर में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से आमजन को अपने वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ते हैं। जिससे यातायात व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। जन समस्याओं को लेकर समिति ने कुछ दिन पूर्व नगर निगम में तालाबंदी की चेतावनी दी थी। लेकिन, उपजिलाधिकारी ने जल्द ही समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है। जिसके बाद तालाबंदी कार्यक्रम को स्थगित करते हुए नगर निगम में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कहा कि यदि 15 दिन के भीतर जन सस्याओं का निराकरण नहीं होता तो नगर निगम के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं, आंदोलन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्यों ने शहर का भ्रमण भी किया। आमजन से समस्याओं को लेकर एकजुट होने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!