कोटद्वार-पौड़ी

कोटद्वार में मानको को ताक पर रखकर बेचा जा रहा मांस

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में अधिकांश दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर मांस की बिक्री की जा रही है। निगम क्षेत्र में वर्तमान में 80 से भी अधिक विक्रेता मांस बेच रहे है। कोटद्वार में इन दिनों बर्ड फ्लू का खतरा मंडरा रहा है। पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि भी हो चुकी है। इसके बाद भी डेढ़ लाख की आबादी वाले नगर निगम के लोगों के स्वास्थ्य की कोई फिक्र नहीं है। जनवरी 2020 में नगर निगम की महापौर ने गाड़ीघाट में स्लॉटर हाऊस का उदघाटन भी कर दिया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद भी अभी तक स्लॉटर हाऊस का संचालन नहीं हो पाया है। आलम यह है कि खाद्य सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर खुल्लेआम मांस की बिक्री की जा रही है और जिम्मेदार इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। वहीं नगर निगम में स्लॉटर हाऊस संचालन के लिए खरीदी गई मशीनें जंक खा रही है।
नगर पालिका के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2013 में लाखों की लागत से गाड़ीघाट में स्लाटर हाउस का निर्माण किया गया था। लेकिन, मानकों के अनुरूप नहीं होने की वजह से इसका संचालन नहीं हो पाया था। वर्ष 2019 में नगर निगम प्रशासन की ओर से इसके संचालन के लिए कवायद शुरू की गई थी। 25 लाख रुपये की धनराशि खर्च कर इसके सुधार के कार्य किए जाने के साथ ही मशीनें भी खरीदी गई। जनवरी 2020 में स्लाटर हाउस का उदघाटन कर जल्द संचालन का दावा किया गया था, लेकिन लाइसेंस प्रक्रिया की वजह से यह मामला लटका हुआ था। मार्च 2020 में प्राधिकरण ने नगर निगम को स्लॉटर हाउस संचालन की अनुमति प्रदान करते हुए लाइसेंस जारी किया। 10 माह से अधिक समय बीत गया, लेकिन आज तक नगर निगम में स्लॉटर हाउस का संचालन शुरू नहीं हुआ। स्लाटर हाउस के गेट पर आज भी ताले लगे हुए हैं। शहर में अवैध तरीके से संचालित हो रही मांस की दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।


वहीं नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया स्लॉटर हाउस को लेकर डायरेक्टर के साथ बैठक हुई है। हमें आदेश मिले हैं कि कोटद्वार स्थित स्लॉटर हाउस को जल्दी शुरू किया जाए। इसके लिए हम टेंडर प्रक्रिया करवा रहे हैं, जिससे किसी प्राइवेट संस्था या व्यक्ति, फार्म को हम जो किराया दे रहे हैं, उसे स्लॉटर हाउस के संचालन के लिए दिया जाएगा। हमें उम्मीद है कि 10 से 15 दिन के अंदर कोटद्वार में स्लॉटर हाउस का संचालन शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!