कोटद्वार में पीने का पानी न मिलने से भड़की महिलाएं, जल संस्थान कार्यालय में किया प्रदर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
गर्मी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही शहर के बाहरी इलाकों में पेयजल की किल्लत होनी शुरू हो गई। नगर निगम के रतनपुर सुखरौ में अधिकांश लोगों को 15 दिन से पेयजल नहीं मिल रहा है। ऐसे में परेशान लोग पेयजल के लिए उन घरों में जा रहे हैं जहां पर पानी आ रहा है। पेयजल किल्लत से परेशान महिलाओं ने जल संस्थान के कार्यालय में विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद भी समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है।
रतनपुर सुखरौ निवासी महिलाओं ने सोमवार को जल संस्थान के बुद्धा पार्क के पास स्थित कार्यालय में प्रदर्शन किया। साथ ही विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि गर्मी शुरू होते ही रतनपुर सुखरौ में पेयजल की किल्लत शुरू हो जाती है। पिछले 15 दिन से पेयजल का संकट बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व में रतनपुर सुखरौ में बालासौड़ स्थित ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन जल संस्थान ने पिछले साल सिताबपुर स्थित ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी है। सिताबपुर के ट्यूबवेल से लगातार पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिस कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन दिनों में लोग कोरोना से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा हाथ धोने व एक-दूसरे से दूरी बनाने के लिए कह रहे हैं। मगर, उन्हें तो पीने के लिए ही पानी नहीं मिल रहा है, ऐसे में वे हाथ कहां से धोएंगे। इसके अलावा जहां पानी लेने जा रहे हैं, वहां पर लोगों की लाइनें लग रही हैं। जिससे बीमारी फैलने का खतरा भी है। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। महिलाओं ने पानी की आपूर्ति सुचारू न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में कल्पना नेगी, विमला देवी, शकुंतला बिष्ट, सरिता देवराड़ा, मीना रावत, गीता देवी, मनोहरी देवी, सरोजनी बिष्ट, सीमा बिष्ट, मंजू बिष्ट, शांति भंडारी सहित अन्य महिलाएं शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *