जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल राजा सुब्रमण्यम शनिवार को लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के भवानी दत्त परेड ग्राउंड पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का हेलीकॉप्टर लगभग 3:10 बजे परेड ग्राउंड में उतरा। गढ़वाल राइफल्स के हेलीपैड से लेकर आसपास के चेक पोस्ट तक पुलिस और सेना के जवानों ने मोर्चा संभाले रखा।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस सुब्रमणि आईआईटी रुड़की में आयोजित दीक्षांत समारोह के समापन के बाद लैंसडौन पहुंच गए हैं। वे गढ़वाल राइफल्स के हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर से उतरे। रुड़की में एक सैन्य कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे सीधे यहां आए थे। हेलीपैड पर कर्नल ऑफ द रेजिमेंट गढ़वाल ग्रुप व गढ़वाल स्काउट्स ले. जनरल दिनेश सिंह राणा ने उनकी आगवानी की। इस दौरान ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी भी मौजूद थे। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने रेजिमेंटल सेंटर की विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। दोनों शीर्ष अधिकारियों के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। लैंसडौन और आसपास के कई किलोमीटर के दायरे में पुलिस और सेना के जवान तैनात हैं। हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही थी। वेलकम पोस्ट और जयहरीखाल चेक पोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। बाहरी लोगों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी गई। दौरे के दौरान एनएसए अजीत डोभाल और सीडीएस जनरल राजा सुब्रमण्यम के अग्निवीरों से संवाद करने तथा उनके प्रशिक्षण एवं अनुभवों की जानकारी लेने का कार्यक्रम है। साथ ही वे रेजिमेंट की सैन्य गतिविधियों और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का भी अवलोकन करेंगे। रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने कहा कि दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का आगमन रेजिमेंट के लिए गौरव का अवसर है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से युवा अधिकारियों, सैनिकों और अग्निवीरों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों के साथ संवाद उन्हें सैन्य सेवा के अनुभवों को साझा करने और वरिष्ठ नेतृत्व से सीखने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।