लैंसडौन वन प्रभाग वन कर्मियों के लिए तैयार करेगा 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड, 5 बेड तैयार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग ने नई पहल शुरू की है। वन कर्मियों को अब कोरोना संक्रमित होने पर आइसोलेशन के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। लैंसडौन वन प्रभाग के कण्वाश्रम स्थित वन बीट चौकी में सभी सुविधाओं से युक्त 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार करेगा। वन विभाग ने 5 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया गया है।
लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ दीपक सिंह ने आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि चौकी में सफाई का विशेष ध्यान रखें। कोरोना संक्रमित कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जायेगी। विभाग कर्मचारियों की हर संभव मदद करेगा। उन्होंने कर्मचारियों से कोविड गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन करने की अपील की है। देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। कोरोना वायरस से सरकारी कार्यालयों के कर्मचारी भी संक्रमित हो रहे है। अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों को बेड आसानी से नहीं मिल रहे है। वर्तमान में पौड़ी गढ़वाल में 1581 कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में है। स्वास्थ्य विभाग इन कोरोना संक्रमितों का उपचार घर पर ही कर रहा है। ऐसे में लैंसडौन वन प्रभाग ने वन कर्मियों के लिए 10 बेड के आइसोलेशन वार्ड तैयार करने की योजना बनाई है। लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि कई मामलों में देखा जा रहा कि अस्पतालों में कोरोना संक्रमित कर्मचारियों के लिए बेड उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, इसी को देखते हुए वन विभाग ने फैसला लिया कि वह कोरोना संक्रमित वन निगम और वन विभाग के कर्मचारियों के लिए आइशोलेशन सेंटर बनाए। उन्होंने बताया कि कण्वाश्रम स्थित वन बीट चौकी में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जा रहा है। अभी 5 वार्ड का आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया गया है। जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंट्रैक्टर, रेगुलेटर, दो मास्क, हाई फ्लेड मास्क, मास्क-एन-95, गलेक्सो मीटर, गलेक्सो मीटर स्टीपस, गलब्स, सर्जिकल मास्क, पीपीई किट, कानटेक्ट लैस थर्मामीटर, सेनेटाईजर, दवाई, एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आइसोलेशन वार्ड में दो माह के लिए डॉक्टर और फार्मासिस्ट को प्राईवेट सेक्टर से हायर किया है।