आईटीबीपी कमांडो कविंद्र राम को नम आंखों से अंतिम विदाई

Spread the love

बागेश्वर। भनार निवासी 26 वर्षीय आईटीबीपी जवान कविंद्र राम पिता भीम राम का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। जवान की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। कविंद्र 2025 में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस आईटीबीपी में भर्ती हुए थे। वह 58वीं बटालियन में कमांडो के पद पर तैनात थे और वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश में अपनी सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भनार पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पिथौरागढ़ मिरथी से पहुंचे आईटीबीपी के जवानों के एक दल सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में 15 जवानों की टीम ने सरयू-गोमती संगम तट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस मौके पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। उन्होंने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। परिजनों ने बताया कि कविंद्र की अभी शादी भी नहीं हुई थी। वह 6 महीने पहले ही पास आउट कर अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *