शिक्षाविद् डा.राम प्रसाद ध्यानी को दिया मां शारदा सम्मान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: साहित्य व शैक्षिणिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए ग्राम्य एकता प्रगति प्रमांजलि समागम समिति की ओर से शिक्षाविद् डा.राम प्रसाद ध्यानी को मां शारदा सम्मान दिया गया।
रविवार को अपर कालाबड़ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ गेप्स के संरक्षक डा. चंद्रमोहन बड़थ्वाल ने किया। बैठक में मौजूद लोगों को डा.राम प्रसाद ध्यानी के जीवन के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि डा. रामप्रसाद ध्यानी उत्तरप्रदेश में उपशिक्षा निदेशक रहे है। सेवानिवृत्ति के बाद से ही साहित्य के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, उनका साहित्य सृजन अभी भी जारी है। उन्हें साहित्यिक संस्था साहित्याचंल के प्रथम अध्यक्ष का गौरव भी हासिल हुआ है। कहा कि डा. आरपी ध्यानी की पकड़ जितनी हिंदी साहित्य पर है, उतनी ही अंग्रेजी भाषा पर भी है। उन्होंने हिंदी व अंग्रेजी भाषा में उत्कृष्ट साहित्य सृजन किया है। तत्पश्चात गेप्स समिति की तरफ से डा. आरपी ध्यानी को अंगवस्त्र व स्मृति चिंह भेंट कर उन्हें मां शारदा सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मौके पर जगत सिंह नेगी, माया ध्यानी, नीरजा गौड, रेखा ध्यानी, मीनाक्षी बड़थ्वाल, नंदन सिंह नेगी, मनमोहन काला, दिनेश चौधरी, सीपी डोबरियाल, राम भरोसा कंडवाल मौजूद रहे।