बिग ब्रेकिंग

महाराष्ट्र, गुरूग्राम व दिल्ली से कोटद्वार पहुंचे पांच लोगों में मिला कोरोना वायरस, कुल संख्या हुई 29

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। पौड़ी जनपद में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली से कोटद्वार पहुंचे पांच लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। बीते गुरूवार को जिले में एक भी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई थी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन शुक्रवार पांच व्यक्तियों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। पौड़ी जिले में अब संक्रमितों की संख्या 24 से बढ़कर 29 हो गई है। जनपद में 28 एक्टिव केस है। जबकि एक मरीज स्वस्थ्य होने के बाद घर चला गया है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई को मुम्बई महाराष्ट्र से एक युवक कोटद्वार में आया था। मूल रूप से युवक यमकेश्वर ब्लॉक निवासी है और उसका परिवार कोटद्वार में किराये के मकान में रहता है। स्वास्थ्य विभाग ने युवक को आयुर्वेदिक अस्पताल सिम्बलचौड़ में फैसलिटी क्वारंटाइन कर दिया था। वहीं गुरूग्राम हरियाणा से एक युवक 21 मई को कोटद्वार पहुंचा था। युवक को एसजीआरआर पदमपुर में फैसलिटी क्वारंटाइन किया गया था। दोनों युवकों में कोरोना के प्रारम्भिक लक्षण नजर आने पर स्वास्थ्य विभाग ने 27 मई को दोनों के सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भेजे। शुक्रवार को दोनों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। मुख्य चिकित्सालय अधिकारी पौड़ी गढ़वाल डॉ. मनोज बहुखण्डी ने बताया कि शुक्रवार सुबह दोनों युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। यमकेश्वर ब्लॉक निवासी युवक मुम्बई महाराष्ट्र से कोटद्वार पहुंचा था। जबकि कोटद्वार निवासी युवक गुरूग्राम हरियाणा से कोटद्वार पहुंचा था। सीएमओ ने बताया कि शुक्रवार देर सांय कोटद्वार में अलग-अलग क्वारंटाइन सेंटर में क्वारंटीन तीन लोगों की जांच रिर्पोट भी पॉजिटिव आई है। इनमें से दो महाराष्ट्र और एक दिल्ली से कुछ दिन पूर्व ही कोटद्वार आये थे। पौड़ी जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 29 हो गई है। जनपद में एक मरीज स्वस्थ्य होने के बाद घर चला गया है। जबकि 28 मरीज जनपद के अलग-अलग अस्पतालों के आइसोलेशन वार्डों में भर्ती है। पौड़ी जनपद के श्रीनगर बेस अस्पताल में एक युवक टिहरी जनपद का भी भर्ती है, जिसका उपचार चल रहा है।
जनपद में कोरोना संक्रमण का पहला केस 25 मार्च 2020 को आया था। युवक स्पेन से दुगड्डा अपने घर आया था। 5 मई को जनपद में दूसरा मामला आया था। गुरूग्राम से बीरोंखाल लौट रहे युवक की कोरोना रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। 19 मई को जनपद में कोरोना का तीसरा मामला आया था। गुरूग्राम से नैनीडांडा लौटे युवक की कोरोना रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। चौथा मामला भी पिछले सप्ताह ही आया था। टिहरी जनपद के बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती युवक की कोरोना जांच रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। 23 मई को दो युवकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, 24 मई को भी एक व्यक्ति की रिर्पोट पॉजिटिव आई थी। 25 मई को दो वृद्धाओं व एक मृतक की कोरोना रिर्पोट पॉजिटिव आई है। 27 मई को जनपद में 14 लोगों की जांच रिर्पोट पॉजिटिव आई है। 29 मई को कोटद्वार में विभिन्न क्वारंटाइन सेंटर में क्वारंटीन पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस तरह जनपद में अब तक कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 29 हो गई है।

पौड़ी जनपद में 90 रोगी आइसोलेशन में और 444 संस्थागत तो 25355 होम क्वारंटाइन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जनपद में वर्तमान में 90 रोगी आइसोलेशन में भर्ती है। जबकि 444 लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है तथा 25355 लोगों को विभिन्न क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर होम क्वारंटाइन में रखा गया है। वहीं जनपद में 28 मई तक करीब 47199 लोग अपने गांव पहुंच गये है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में स्थापित वार रूम से प्राप्त सूचना के अनुसार जनपद में वर्तमान में 90 रोगी आइसोलेशन में भर्ती है। 46 जिला अस्पताल पौड़ी, 22 बेस अस्पताल श्रीकोट श्रीनगर, 05 पीएचसी कलालघाटी, 17 बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती है। जबकि जनपद में 444 लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है। जिनमें 05 गढ़वाल मण्डल विकास निगम कण्वाश्रम, 15 गढ़वाल मण्डल विकास निगम पौड़ी, 25 गढ़वाल मण्डल विकास निगम कौड़िया कैम्प कोटद्वार, 09 आयुष अस्पताल सिंबलचौड, 03 गढ़वाल मण्डल विकास निगम चीला, 06 परमार्थ निकेतन स्वर्गाश्रम, 64 एसजीआरआर कोटद्वार, 75 पीजी कॉलेज कोटद्वार, 39 गढ़वाल मण्डल विकास निगम खिर्सू, 27 ऑडोटोरियम कोटद्वार, 30 हिन्दू पंचायत धर्मशाला, 14 होटल मुमुक्षु पौड़ी, 37 बारात घर, 38 न्यू केवि, 57 ओल्ड केवि में क्वारंटाइन पर है। जनपद से अब तक आइसोलेशन से भर्ती 232 कोरोना संदिग्ध लोगों का सैम्पल जांच हेतु भेजा गया। जिनमें से 166 की रिपोर्ट निगेटिव, 9 की पॉजिटिव आई है। जबकि 57 की रिपोर्ट लंबित है। क्वारंटाइन आदि अन्य स्थलों में बाहर से आये 420 लोगों का रेण्डम रूप से ली गई सैम्पल जांच हेतु भेजा गया। जिनमें से 181 की रिपोर्ट निगेटिव, 26 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है तथा 223 लंबित है। जनपद में 25355 लोगों को विभिन्न क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर होम क्वारंटाइन में रखा गया है। वहीं जनपद में 28 मई 2020 तक प्रदेश, जनपद के बाहर से जनपद की 1174 ग्राम पंचायतों में से 1134 ग्राम पंचायतों में करीब 47199 लोग अपने गांव पहुंच गये है।

सोशल मीडिया में जवान के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर को बताया अफवाह, होगी कार्रवाई
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। पुलिस जवान के कोरोना संक्रमित होने की अफवाह का पुलिस ने खंडन किया है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने के साथ ही अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने अफवाह फैलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया पर पुलिस चौकी पाबौ के एक जवान के कोरोना पॉजिटिव आने की अफवाह फैलाई जा रही है। पाबौ चौकी क्षेत्र में पीपली गांव स्थित है, जहां 22 मई को होम क्वारंटाइन के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जो बाद में कोरोना पॉजिटिव आया था। इसके बाद मृतक के शव का पंचनामा भरने वाली पुलिस टीम के छ: लोगों को क्वारंटाइन कर लिया गया था। गुरुवार को किसी ने पाबौ चौकी के एक जवान के कोरोना पॉजिटिव होने की अफवाह सोशल मीडिया में फैला दी। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि पुलिस जवान पूरी तरह स्वस्थ्य है। सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर एकेश्वर ब्लाक के रणस्वा गांव में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की बात सोशल मीडिया पर फैल रही है। प्रधान पूनम देवी ने बताया कि हमारी ग्राम पंचायत में कोई भी व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव नहीं है। लेकिन सोशल मीडिया पर गांव में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की अफवाह फैलाई जा रही है। पूनम देवी ने प्रशासन व पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!