चर्चित रवि चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

हरिद्वार। हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में हुए चर्चित रवि चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी पंकज शर्मा पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। 37 वर्षीय पंकज शर्मा, निवासी सीतापुर, ने जमीन के विवाद के चलते अपने ससुर के भाई रवि चौहान की हत्या कराने के लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस मामले में शामिल कांट्रेक्ट किलर दानिश अली और नदीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि पंकज का भांजा गौतम अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
घटना 17 अप्रैल को सामने आई थी जब दिव्या चौहान ने अपने पति रवि चौहान के अचानक गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। दो दिन बाद 19 अप्रैल को रवि का शव पथरी पावर हाउस, रानीपुर क्षेत्र में बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी को हत्या की धाराओं में बदलकर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि जमीन के बंटवारे को लेकर पंकज शर्मा और रवि चौहान के बीच विवाद चल रहा था। इसी नाराजगी में पंकज ने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर दो सुपारी किलर हायर किए।
पुलिस ने 23 अप्रैल को दानिश अली और नदीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्हें पंकज और गौतम ने हत्या की सुपारी दी थी। पंकज ने हत्या से पहले 40 हजार और हत्या के बाद 1.10 लाख रुपये नकद दिए थे।
पुलिस ने 2 मई को मुखबिर की सूचना पर पंकज शर्मा को सिडकुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि फरार आरोपी गौतम की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह गिरफ्तारी मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम साबित हुई है और पुलिस का दावा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *