सेवा सप्ताह के तहत अगस्त्यमुनि में आयोजित होगा मुख्य कार्यक्रम

Spread the love

मुख्य विकास अधिकारी ने क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : प्रदेश में सेवा, सुशासन एवं समर्पण के अंतर्गत राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जनपद रुद्रप्रयाग में सेवा सप्ताह मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। सेवा सप्ताह के दौरान जनपद स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा बीते पांच वर्षों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित कर उन्हें योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ उपलब्ध कराना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
इसी क्रम में 4 जुलाई को क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि में जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आमजन को विभागीय योजनाओं, सेवाओं एवं लाभकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित भी किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनि पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच व्यवस्था, विभागीय स्टॉल, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिन विभागों को जो भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *