महिलाओं को ठगने वाला मास्टर माइंड बिहार के नवादा से गिरफ्तार
जयन्त प्रतिनिधि
पौड़ी : पौड़ी पुलिस को महिलाओं की ज्वेलरी चमका कर धोखा देने वाले एक गिरोह के मास्टर माइंड और लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश को बिहार के नवादा से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में आभूषण चमकाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही गिरोह के तीन आरोपियों को जेल भेज दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्वेता चौबे ने बताया कि बीते साल 2022 में थाना रिखणीखाल क्षेत्र में एक गिरोह ने पहाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में आभूषणों को चमकाने का काम शुरू किया। गिरोह जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों के आभूषणों को नया बनाने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे। इस मामले में थाना सतपुली के दुधारखाल निवासी ऋतु नेगी और रिखणाखाल निवासी हीरा सिंह ने तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने आभूषण चमकाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने गिरोह की धरपकड़ शुरू कर दी। पुलिस ने गिरोह के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जिसमें खंतार मंडल पुत्र जग्गू मंडल के साथ ही चन्दन पुत्र अशोक शाह व वीरेन्द्र शाह पुत्र स्व. सिकन्दर शाह शामिल थे। ये सभी आरोपी कटिहार बिहार के रहने वाले थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये सभी गिरोह में रहते हैं। जिसमें कुल 4 लोग शामिल हैं। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद न्यायालय ने सभी को जेल भेज दिया था। जबकि धरपकड़ की सूचना मिलते ही गैंगलीडर पवन सोनी फरार हो गया था। एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे ने मास्टर माइंड की गिरफ्तारी के लिए उस पर 5 हजार का इनाम रखा। साथ ही पुलिस उसकी तलाश में भी जुटी रही। एसएसपी ने टीम गठित कर मामले की जांच एसआई रियाज अहमद को सौंपी। टीम ने सर्विलांस की मदद से इनामी बदमाश पवन सोनी को माल गोदाम मोहल्ला, नवादा, बिहार से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा अब आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। टीम में एसआई कृपाल सिंह व सिपाही सुशील कुमार शामिल रहे।