जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन में सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत वन विभाग, रुद्रप्रयाग के सहयोग से दक्षिणी जखोली रेंज, रुद्रप्रयाग वन प्रभाग, रुद्रप्रयाग में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग पायल सिंह ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानीय प्रजातियों के साथ-साथ फलदार, छायादार एवं औषधीय गुणों से युक्त पौधों का रोपण किया गया। ये पौधे पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण के निर्माण, मृदा एवं जल संरक्षण तथा मानव एवं वन्य जीवों के लिए उपयोगी प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता, पैरालीगल वालंटियर्स एवं अन्य कर्मचारियों ने पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।