छात्रों ने घरों पर तिरंगा फहराकर ली सेल्फी, पोर्टल पर अपलोड कर हासिल किए डिजिटल प्रमाण पत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर केंद्र एवं राज्य सरकार के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चल रहा है। इसी के क्रम में जनता इंटर कॉलेज कमलपुर संगलाकोट में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने इस राष्ट्रीय उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान विद्यालय में अपार उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
अभियान के अंतर्गत विद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को अपने-अपने घरों पर आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया था। प्रधानाचार्य संजय सिंह रावत व शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने न केवल अपने छतों और आंगनों में तिरंगा फहराया, बल्कि तिरंगे के साथ गर्व से ‘ऑनलाइन सेल्फी’ भी ली। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भारत सरकार के आधिकारिक ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपनी सेल्फी अपलोड की। सफलता पूर्वक फोटो अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों ने आधिकारिक डिजिटल सहभागिता प्रमाण पत्र डाउनलोड किए। डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनमें देशभक्ति का एक नया संचार देखा गया। प्रधानाचार्य संजय सिंह रावत ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करना है। शिक्षक बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के योगदान से परिचित करा रहे हैं। छात्रों को अपने घरों में भी तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।