रुद्रप्रयाग()। इगास पर भले ही गढ़वाल के सभी इलाकों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए किंतु रुद्रप्रयाग के गुलाबराय मैदान में हुए इगास पर खास कार्यक्रम ने गांव-गांव में संदेश दिया है। विशेषकर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और डीएम प्रतीक जैन के सरल स्वभाव, गढ़वाली बोली और परम्परा के प्रति प्रेम ने गांव-गांव में विलुप्त हो रही भैलो खेलने की परम्परा को फिर से गति देने का काम किया है। कार्यक्रम में झुमैलो, जागर, मंडाण सहित विभिन्न लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां ने माहौल में चार चांद लगाए। गुलबाराय मैदान में बीती रात तक चले कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने प्रॉटोकॉल से दूर रहते हुए आम लोगों के बीच जाकर इगास पर्व मनाया।
खूब भैलो खेला और इस पर्व को भविष्य में भी व्यापक तरीके से मनाने का आह्वान किया। मंत्री के मृदुल और सरल व्यवहार का हर कोई मुरीद है। खास युवाओं के बीच उनकी अलग पहचान बनी। वहीं युवा जिलाधिकारी प्रतीक जैन के गढ़वाली में प्रभावशाली संबोधन ने सबका दिल जीत लिया। जहां कई लोग अपनी बोली भाषा को बोलने में शर्म महसूस कर रहे हैं वहीं डीएम ने ऐसा संबोधन दिया कि मौजूद लोग तालिंया बजाते रहे। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिपंस पवन कुमार आदि मौजूद थे।