बिग ब्रेकिंग

पर्यटन मंत्री ने दी चैबट्टाखाल विस की जनता को विकास की सौगात

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

ग्रोथ सेंटर किसानों की आमदनी बढ़ाने में होंगे सहायक
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली। विधानसभा चौबट्टाखाल के दो दिवसीय भ्रमण के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शनिवार को विधानसभा चौबट्टाखाल में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। जलागम के ग्रोथ सेंटरों को किसानों की आमदनी में इजाफा का मजबूत जरिया बताते हुए इसमें उत्पादों के इजाफे पर जोर दिया। पर्यटन मंत्री महाराज ने संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में धनराशि लागत 19.70 लाख के ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड सीएसआर मद से धनराशि 20 लाख 71 हजार 989 की लागत के अल्ट्रासाउंड मशीन, 5 लाख की विधायक निधि से पैथोलॉजी लैब संबंधी उपकरणों का लोकर्पण किया।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि संयुक्त चिकित्सालय सतपुली को सभी स्वास्थ्य संबंधित उपकरणों से लैस किया जा रहा हैं, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों को असुविधाओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों के लगाए जाने से संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। अल्ट्रासाउंड मशीन लग जाने के बाद अब यहां प्रतिदिन लगभग 50 लोगों के अल्ट्रासाउंड किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में टेक्नीशियन को कोटद्वार से बुलाया गया है। डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की कमी को देखते हुए खाली पदों को भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 सालों में चौबट्टाखाल विधानसभा में कई विकास पर कार्य किए गए हैं, जिस पर एक विकास पुस्तिका भी निकाली गई है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध होने पर आसपास के क्षेत्रवासियों के साथ ही अन्य भी यहां पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का यह अभिनव प्रयास है कि महिलाएं अपने संगठन को मजबूत करते हुए क्षेत्रीय उत्पादों को तैयार कर बिक्री कर रही हैं। इन ग्रोथ सेंटरों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों के विक्रय हेतु बाजार मिलने से समूहों की आर्थिकी मजबूत होने के साथ ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा पलायन पर भी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि सुपर फूड वाले अनाज उगायें, जो प्रोटीन युक्त हों और जिनसे इनकम भी दोगुनी हो, इसके लिए वर्टिकल और ड्रिप फार्मिंग को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का भी लोकार्पण किया गया है, ताकि अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन की कमी न हो। उन्होंने कहा कि राज्य को टूरिस्ट के क्षेत्र में पर्यटन के मानचित्र पर लाने के निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। ज्वाल्पा-एकेश्वर-कलिंगा को सर्किट के रूप में रखा गया है। वहीं दीवा के डांडा के पैदल मार्ग को सुविधापूर्वक बनाने हेतु पैंसा स्वीकृत किया है, ताकि लोग वहां से सन राइज के सुन्दर दर्शन कर सकें। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख एकेश्वर नीरज पांथरी, अध्यक्षा नगर पंचायत सतपुली अंजना वर्मा, जिला पंचायत सदस्या चौधार वार्ड आरती नेगी, मंडल अध्यक्ष सतपुली बृजमोहन रावत, एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर सहित डॉ. अश्वनी, डॉ. शिव कुमार, एमओआईसी/प्रभारी चिकित्सक डॉ. अनुज सिंह, डॉ. आशिष आदि मौजूद थे।

इन योजनाओं का किया लोकापर्ण व शिलान्यास
सतपुली। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने राज्य सेक्टर के अन्तर्गत जनपद के विकासखंड एकेश्वर के अन्तर्गत पूर्वी नयार नदी पर मत्स्य पालन केन्द्र सतपुली की सुरक्षा हेतु बाढ़ सुरक्षा योजना कुल लागत 274.54 लाख का शिलान्यास, राज्य सेक्टर नाबार्ड के अन्तर्गत ज्वाल्पा में पश्चिमी नयार नदी पर बाढ़ सुरक्षा योजना कुल लागत 104.57 लाख का शिलान्यास एवं विकासखंड द्वारीखाल के अन्तर्गत राजकीय कन्या विद्यालय सतपुली की सुरक्षा हेतु बाढ़ सुरक्षा योजना लागत 125.64 लाख का शिलान्यास किया। साथ ही सतपुली एकेश्वर मोटर मार्ग के पिटकुल के निकट से ग्राम नौगांव के लिए विधायक निधि से निर्मित सम्पर्क मार्ग, जलागम विभाग द्वारा ग्रोथ सेंटर योजना के अन्तर्गत विकासखंड एकेश्वर के अमोठा में एग्री बिजनेस, ग्रोथ सेंटर अमोठा लागत 46.12 लाख, सीमारखाल में एग्री बिजनेस, ग्रोथ सेंटर सीमारखाल लागत 31.12 लाख का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने 9 लाभार्थियों को चैक भी वितरित किये गये। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों से संबंधित ब्रोशर का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख एकेश्वर नीरज पांथरी, मंडल अध्यक्ष सत्यराज सिंह, विधानसभा प्रभारी दलवीर सिंह नेगी, परियोजना निदेशक सनातन, उप परियोजना निदेशक रमेश तिवारी, जिला पंचायत सदस्य सीमा सजवाण, प्रधान प्रतिभा नेगी, यूनिट अधिकारी गिरीश चंद सहित सोहन लाल कण्डवाल, उत्तम सिंह चौहान, प्रमोद काला, सत्यप्रकाश आदि मौजूद थे।

डॉक्टरों की लापरवाही पर भड़के महाराज, कार्यवाही के दिये निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
सतुपली। विधानसभा चौबट्टाखाल भ्रमण पर आए कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में ड्यूटी में लापरवाही बरतने और 4 उपस्थिति रजिस्टर बनाने की गड़बड़ी पर चिकित्सकों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने संबंधित डॉक्टरों व अन्य कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यदि औचक निरीक्षण के दौरान संबंधित डॉक्टर या स्टाफ अनुपस्थित पाया जाता है, तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन मंत्री ने आकस्मिक कक्ष, कोविड टीकाकरण कक्ष, ऑक्सीजन प्लांट, पैथोलॉजी लैब सहित अन्य कक्षों एवं चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही एसीएमओ से अस्पताल में तैनात डॉक्टरों, टेक्निशियन, स्टाफ आदि की जानकारी भी ली। चिकित्सालय में डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने की शिकायत मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए चेतावनी दी कि सभी डॉक्टर चिकित्सालय में नियमत रूप से हर समय मौजूद रहें। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि ग्रामीणों का कहना है कि डॉक्टर अस्पताल से नदारद रहते हैं। जिससे कि मरीजों को परेशान होना पड़ता है। पहले ही कोरोना काल चल रहा है वहीं डाक्टर यहां रहते ही नहीं। एक के बजाए चार उपस्थिति रजिस्टर रखने का क्या औचित्य है। इससे साफ है कि जो यहां नहीं रहते है उनकी भी उपस्थित बाद में लगा दी जाती होगी। मौके पर ही मामले की जांच के भी आदेश दिए गए। उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए डॉक्टर को हिदायत दी कि यदि इस प्रकार की गलती अगली बार की जाएगी तो बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को डॉक्टरों पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!