नाबालिग की शादी रुकवाई, 30 वर्षीय दूल्हा बारात लेकर लौटा

Spread the love

रुद्रपुर। किच्छा क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग की शादी उस समय रुकवा दी गई, जब 30 वर्षीय दूल्हा रामपुर से बारात लेकर पहुंच गया था। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट की टीम ने आधार कार्ड की जांच कर नाबालिग होने की पुष्टि की। इसके बाद विवाह की तैयारियां रोक दी गईं और बारात को बैरंग लौटना पड़ा। संस्था के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व संस्था को किच्छा कोतवाली अंतर्गत एक गांव निवासी व्यक्ति की दो पुत्रियों के विवाह तय होने की सूचना मिली थी। इसमें छोटी पुत्री के नाबालिग होने का शक था। उनकी अगुवाई में बाल विवाह रोकथाम की टीम ने गांव में जाकर बालिका के परिजनों से संपर्क कर बाल विवाह निषेध अधिनियम के बारे में जानकारी दी। टीम ने बालिका का विवाह 18 वर्ष पूर्ण होने पर ही करने के लिए पिता की अनुपस्थिति में बालिका की माता से वचन पत्र पर हस्ताक्षर भी लिए। 28 अप्रैल को संस्था को जानकारी मिली कि दोनों पुत्रियों की बारात आ रही है। सूचना मिलते ही संस्था की परियोजना निदेशक बिंदुवासिनी की अगुवाई में 112 सहायता दल टीम मौके पर पहुंच गई। यहां नाबालिग की बारात चढ़ रही थी। टीम के जांच करने पर आधार कार्ड में लड़की की उम्र 17 वर्ष 1 माह पाई गई। इसके आधार पर टीम ने नाबालिग का विवाह रोक दिया। जबकि दूल्हे की उम्र आधार कार्ड में 30 वर्ष पायी गई। बिन्दुवासिनी ने बताया कि लड़की की 18 वर्ष के पश्चात शादी करने के लिए माता-पिता से शपथ पत्र लिया गया है। बालिका के परिजनों को बाल कल्याण समिति के समक्ष अग्रिम कार्यवाही के लिए पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *