महिला टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत से सर्वाधिक रन, सर्वाधिक विकेट और अन्य आंकड़े

Spread the love

नईदिल्ली,। भारतीय महिला क्रिकेट टीम हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टी-20 विश्व कप 2026 में अपनी चुनौती पेश करेगी। 14 जून को भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच से करेगी। अब तक भारत ने यह प्रतिष्ठित खिताब नहीं जीता है और हरमनप्रीत इस बार इतिहास बदलने का प्रयास करेंगी। इस बीच टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की ओर से सर्वाधिक रन, सर्वाधिक विकेट और अन्य प्रमुख आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
भारतीय टीम ने 2009 से लेकर 2024 तक सभी संस्करणों को मिलाकर कुल 40 मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें से 22 में जीत दर्ज की है और 18 में हार का सामना किया है। भारतीय टीम का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2020 सीजन में रहा था, तब हरमनप्रीत की कप्तानी में टीम उपविजेता रही थी। इस सीजन को छोड़कर 4 अलग सीजन में भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई है।
भारतीय खिलाड़ियों में हरमनप्रीत संयुक्त रूप से सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उन्होंने 39 मैच खेले हैं, जिसमें 25.03 की औसत और 112.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 726 रन बनाए हैं। पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज ने भी 24 मैच की 23 पारियों में 726 रन बनाए हैं। स्मृति मंधाना ने25 मैचों में 21.83 की औसत और 114.41 की स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए हैं। उन्होंने 4 अर्धशतक लगाए हैं।
टी-20 विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड पूनम यादव के नाम पर दर्ज है। उन्होंने 18 मुकाबले खेले हैं और इसकी 18 पारियों में 13.82 की औसत से 28 विकेट चटकाए हैं। भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति ने 19 पारियों में 26.15 की औसत से 19 विकेट चटकाए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 6.91 की रही है। राधा यादव ने 13 पारियों में 16.77 की औसत से 18 विकेट लिए हैं।
हरमनप्रीत महिलाओं के टी-20 विश्व कप के इतिहास में शतक लगाने वाली इकलौती भारतीय हैं। उन्होंने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 गेंदों में 103 रन बनाए थे। उनके अलावा विश्व के 5 अन्य बल्लेबाजों ने इस टूर्नामेंट में शतक लगाए हैं। भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो हरमनप्रीत के बाद दूसरा सर्वोच्च स्कोर स्मृति मंधाना (87 रन बनाम आयरलैंड, 2023) ने बनाया है। गेंदबाजों में रेणुका ठाकुर 5 विकेट हॉल वाली इकलौती भारतीय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *