पंचतत्व में विलीन हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मुरली सिंह, दिया गार्ड आफ आनर
गुरुवार को हरिद्वार स्थित चंड़ीघाट में किया गया अंतिम संस्कार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत घमंडपुर निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मुरली सिंह रावत गुरुवार को पंचतत्वों में विलीन हो गए। पुलिस व प्रशासन की टीम ने मुरली सिंह रावत को राजकीय सम्मान के साथ गार्ड आफ आनर दिया। उनकी अंतिम यात्रा में उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट व पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी भी शामिल हुए।
मालूम हो कि ब्रैन हैमरेज की शिकायत के बाद मुरली सिंह रावत को राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार से ऋषिकेश एम्स अस्पताल रेफर किया गया था। जहां बुधवार तड़के उपचार के दौरान उनका निधन हो गया था। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उनका पार्थिव शरीर उनके घमंडपुर स्थित आवास पर लाया गया। गुरुवार सुबह नौ बजे उनके आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। जिसमें उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण के पीआरओ मनीराम शर्मा व पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी भी शामिल हुए। क्षेत्रवासियों ने अंतिम यात्रा में मुरली सिंह रावत अमर रहें के नारे भी लगाए। हरिद्वार स्थित चंड़ी घाट में उनके पोते बृजमोहन सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। मुरली सिंह के अंतिम संस्कार में गजेंद्र धस्माना, गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल, गोपाल दत्त जखमोला आदि मौजूद रहे।
———————-