कोटद्वार-पौड़ी

मुसीबत का सबब बना सड़क पर पड़ा कूड़ा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के अन्तर्गत मानपुर मार्ग के किनारे दूर तक फैला कूड़ा लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इस मार्ग पर हर समय कूड़ा बिखरा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार निगम के अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जिस कारण लोगों में आक्रोश पनप रहा है। सड़क पर कूड़ा बिखरा होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है
नगर निगम की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य चौराहों पर कूड़ा डालने के डस्टबीन की व्यवस्था नहीं की गई है। जिस कारण लोग घरों का कूड़ा सड़क पर ही फेंक देते है। मानपुर रोड किनारे भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। सड़क किनारे हर समय कूड़ा बिखरा रहता है। हालांकि नगर निगम ने लोगों के घरों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था कर रखी है, लेकिन इसके निस्तारण की सही व्यवस्था न होने के कारण जगह-जगह गंदगी बिखरी पड़ी है। मानपुर रोड के अलावा पदमपुर तिराहा, देवी मंदिर सहित निगम क्षेत्र के मुख्य चौक चौराहोें सहित सड़क किनारे जगह-जगह कूड़ा बिखरा रहता है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम के खोह नदी के किनारे बनें ट्रेचिंग ग्राउण्ड में बना कूड़े का ढेर सबको दिखता है। उड़ती हुए कौए और कूड़े में से अपने काम की चीजें तलाशते बच्चे वहां हर दिन ही दिखाई देते है। ये बच्चे ऐसी चीजें बटोरते हैं, जो कबाड़ी के पास बिक सकें। कचरे के सड़ने से गैस बनती है। उससे बचने को वहां से गुजरने वाले नाक बंद कर लेते हैं। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। यद्यपि जैविक (फल और सब्जी के छिलके, बासी भोजन, घास, पत्ते जैसे गीले) और अजैविक (बोतल, कपड़ा, धातु की चीजें, धूल, मिट्टी जैसे सूखे कूड़े) के लिए अलग कूड़ेदान होते हैं, पर लोगों का स्वभाव उन्हें अलग रखने का नहीं है। वे घर से प्लास्टिक की थैलियों में सारा कूड़ा एक साथ लाकर वहां फेंक देते हैं। नगर निगम के सफाई निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि कर्मचारियों को समय पर कूड़ा उठाने के लिए कहा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!