कोटद्वार-पौड़ी

प्रदेश में निर्गुट कांग्रेस की स्थापना करना मेरा उद्देश्य: करन माहरा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कोटद्वार में पत्रकारों से वार्ता में कही बात
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पर गुटों में बंटने का आरोप लगता रहा है। अब गुटों में बंटने के बजाय एकजुट होकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ने का समय आ गया है। मेरा उद्देश्य यही है कि प्रदेश में निर्गुट कांग्रेस की स्थापना की जाए। यह बात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कोटद्वार में पत्रकारों से वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी जड़ें छोड़ रही है, जिसे बचाने के लिए धरातल पर कार्य करना जरूरी है।
सोमवार को लैंसडौन वन प्रभाग के पनियाली गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकत्र्ता व पदाधिकारी उस तरीके से कार्य नहीं कर पा रहे हैं, जैसा उन्हें करना चाहिए। हम अपनी कमजोरियों को समझ रहे हैं और उन्हें दूर करने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। मेरी इस यात्रा का यही उद्देश्य है कि मैं कार्यकत्र्ताओं से मिलूं और यह जानू कि आखिर हम पीछे कहां रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चारधाम यात्रा शुरू कर रही है, लेकिन जगह-जगह सड़कें टूटी हुई हैं। ऐसे में यात्रियों की जान जोखिम में डाली जा रही है। इसके खिलाफ भी कांग्रेस आवाज उठाएगी। कहा कि वह समझ रहे हैं कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका ठीक से नहीं निभा पा रही है, इसके लिए ठोस प्रयास कि जा रहे हैं। जल्द ही धरातल पर इसके परिणाम देखने को मिलेंगे। इस मौके पर पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रवेश रावत, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

सड़क पर उतरेंगे कांग्रेस कार्यकत्र्ता
कोटद्वार की समस्याओं पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि यहां अधिकारियों की कमी और तमाम तरह की परेशानियों को लेकर कांग्रेस जल्द ही सड़कों पर उतरेगी और जनता के सहयोग से आंदोलन छेड़ा जाएगा। कहा कि कोटद्वार में मसूरी एक्सप्रेस को लेकर भी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कबूल किया कि कांग्रेस कार्यकत्र्ता सड़क पर नहीं उतर रहे हैं, जिससे भाजपा सरकार अपनी मनमानी कर रही है। लेकिन जल्द ही एक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

भू-कानून बनाने में नहीं होनी चाहिए जल्दबाजी
भू-कानून के सवाल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रदेश तीन भागों तराई, भाबर व पहाड़ी में बंटा है। ऐसे में सभी के लिए एक समान भू-कानून लाना न्यायोचित नहीं है। जो कानून तराई में फिट बैठता है, वह पहाड़ की परिस्थितियों के अनुसार सही नहीं होगा। ऐसे में भू-कानून लाने से पहले जनता की मांग व समस्याओं को समझना जरूरी है।

एकजुट हो जाएं कांग्रेस कार्यकत्र्ता
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सोमवार को कोटद्वार पहुंचकर कार्यकत्र्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं की समस्याओं को सुना और कहा कि अब सभी कार्यकत्र्ता एकजुट हो जाएं। कहा कि आज कांग्रेस के कार्यकत्र्ता अपनी जिम्मेदारियों को भूल गए हैं। यहां तक कि कांग्रेस की कोई उपलब्धि होती है तो उसे तक सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर शेयर नहीं करते। जिससे लोगों को कांग्रेस के कार्यों के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है।
——————————————–

संजय मित्तल ने दिया महानगर अध्यक्ष पद से इस्तीफा, प्रदेश अध्यक्ष ने किया अस्वीकार
कोटद्वार : कार्यकत्र्ताओं की बैठक व पत्रकारों से वार्ता के बाद कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को अपना इस्तीफा सौंपा। संजय मित्तल ने कहा कि महानगर अध्यक्ष होने के चलते कोटद्वार विधानसभा में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी उनकी है। वह अपने दायित्वों को ठीक से नहीं निभा सके, इसलिए अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे एक कार्यकत्र्ता की तरह कांग्रेस पार्टी की सेवा करते रहेंगे। हालांकि, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने संजय मित्तल का इस्तीफा अस्वीकार कर दिया और कहा कि संजय मित्तल ने कांग्रेस के लिए बहुत कुछ किया है और आगे भी उन्हें बहुत कुछ करना है। इसलिए उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!