जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सतपुली क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित क्षेत्र में रहकर रंगाई-पुताई का काम करता था। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद वह बिहार भागने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

थाना प्रभारी सतपुली अनिल चौहान ने बताया कि मामले में एक दिन पहले पीड़िता के स्वजन की ओर से तहरीर दी गई थी। शिकायत के अनुसार, किशोरी घर के पास स्थित एक दुकान में सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान वहां रंगाई-पुताई का काम करने वाले व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद किशोरी रोते हुए घर पहुंची और स्वजन को पूरी बात बताई। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। शनिवार सुबह पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित आसगर पुत्र ताहिर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले के कन्हायावाड़ी का निवासी है और सतपुली क्षेत्र में रहकर रंगाई-पुताई का काम करता था। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी बिहार भागने की फिराक में था। हालांकि, पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।