कोटद्वार-पौड़ी

नगर निगम ने शुरू की मुक्तिधाम के पास से कूड़ा निस्तारण की कवायद

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
कूड़ा निस्तारण शहर की बड़ी समस्या है। इससे हर व्यक्ति परेशान हैं। नगर निगम प्रशासन ने इस समस्या से निजात दिलाने की कवायद शुरू की है। एक ओर जहां वैज्ञानिक तकनीक से कूड़ा प्रबंधन की तैयारी है तो वहीं दूसरी तरफ संसाधनों में बढ़ोत्तरी की तैयारी है। अब मुक्तिधाम के मुख्य गेट के पास कूड़े का ढेर नजर नहीं आयेगा। निगम की ओर से मुक्तिधाम के मुख्य गेट के पास से कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नगर निगम के चालीस वार्डों से प्रतिदिन 60 से 70 टन कूड़ा एकत्रित कर वाहनों के माध्यम से खोह नदी किनारे स्थित टे्रचिंग ग्राउण्ड में पहुंचाया जाता है, लेकिन पूर्व में नगर पालिका के समय से कूड़ा निस्तारण न होने से ट्रेचिंग ग्राउण्ड में कूड़े का पहाड़ सा बन गया। नगर निगम बनने के बाद यह समस्या और भी गंभीर होती चली गई। क्योंकि नगर पालिका में मात्र 11 वार्ड थे और निगम में चालीस वार्ड है। नगर निगम के आयुक्त पीएल शाह ने कार्यभार संभालते ही कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया। उनके प्रयास से ट्रेचिंग ग्राउण्ड में पहले बॉयो रेमिडिएशन स्थापित की गई थी और उसके बाद एक माह के लिए ट्रोमिल (कूड़ा छंटाई) मशीन का ट्रायल शुरू कराया गया। इन मशीनों के माध्यम से ट्रेचिंग्र ग्राउण्ड में कूड़े की छंटाई हो रही है। निगम प्रशासन ने अब मुक्तिधाम के मुख्य गेट के पास से लगे कूड़े के ढेर हो हटाना शुरू कर दिया है। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
बता दें कि स्थानीय लोग सहित विभिन्न सामाजिक संगठन पिछले काफी समय से मुक्तिधाम के मुख्य गेट से कूड़ा निस्तारण की मांग कर रहे थे। लोगों ने पूर्व में मुक्तिधाम के पास कूड़ा डालने वाले वाहनों को रोककर प्रदर्शन किया था। लोगों का कहना था कि नगर निगम ट्रेचिंग ग्राउण्ड के बजाय मुक्तिधाम के मुख्य गेट के पास कूड़े का अंबार लगा रहा है। हालत यह थी कि ट्रेचिंग ग्राउण्ड से लेकर झूला पुल के पास तक कूड़े का पहाड़ सा बन गया था। नगर निगम ने अक्टूबर 2020 में ट्रेचिंग ग्राउण्ड के अंदर बॉयो रेमिडिएशन स्थापित की और इसके बाद ट्रोमिल मशीन का भी ट्रायल शुरू किया गया। जिस कारण अब मुक्तिधाम के मुख्य गेट से ट्रेचिंग ग्राउण्ड में वाहनों के जाने के लिए रास्ता बना गया है। अब नगर निगम के कूड़ा वाहन सीधे ट्रेचिंग ग्राउण्ड में जा रहे है।
नगर निगम के सफाई निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि ट्रेचिंग ग्राउण्ड के बाहर मुक्तिधाम के मुख्य गेट के पास से कूड़ा का हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कूड़ा हटाने के लिए एक पोकलैण्ड मशीन, एक जेसीबी मशीन और दो डंपरों को लगाया गया है। इस कूड़े को डंपरों से ट्रेचिंग ग्राउण्ड के अंदर लेकर जाकर मशीनों के माध्यम से छंटाई की जा रही है। नगर निगम के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि नगर निगम कूड़ा निस्तारण के लिए प्रयास कर रहा है। निगम जनता को सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!