कोटद्वार-पौड़ी

नगर निगम टैक्स: सरकार का फूंका पुतला, वादाखिलाफी का लगाया आरोप

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम के वार्ड नंबर छ: काशीरामपुर तल्ला के लोगों ने वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए  प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि सरकार ने निगम में शामिल गांवों में दस साल तक किसी भी प्रकार के टैक्स ना लगाने की घोषणा की थी, लेकिन ढाई साल में ही सरकार टैक्स लगाने जा रही है। इसके पूर्व काशीरामपुर तल्ला के लोगों ने सरकार की ओर से लगाये जा रहे टैक्स के विरोध में निगम कार्यालय में आपत्तियां दर्ज कराई।
सोमवार को काशीरामपुर तल्ला के लोग जुलूस की शक्ल में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मालवीय उद्यान से तहसील तिराहे पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत व स्थानीय विधायक एवं काबीना मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के पुतले को आग के हवाले किया। पार्षद सूरजप्रसाद कांति ने कहा कि मुख्यमंत्री कोटद्वार की जनता के साथ धोखा कर रहे है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम गठन के समय निगम में शामिल होने वाली 35 ग्राम पंचायतों में दस साल तक किसी भी प्रकार का टैक्स न लगाने की घोषणा की थी, लेकिन अब सरकार टैक्स लगाने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय विधायक एवं वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत जनता की समस्याओं को उठाना नहीं चाहते है। उन्होंने प्रदेश सरकार से कोटद्वार नगर निगम में शामिल 35 ग्राम पंचायतों में लगने वाले टैक्स के आदेश को वापस लेने की मांग की है। जल्द ही आदेश वापस ना लेने पर सड़कों पर उतकर आंदोलन किया जाएगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। पुतला दहन करने वालों में पार्षद सूरज प्रसाद कांति, अभिमन्यु रावत, मनीष असवाल, दान सिंह, शीला बिष्ट, जगमोहन सिंह नेगी, ऊषा गुरंग, प्रियंका पटवाल, किरण जोशी, सपना राना, नीलम कुकरेती, रोशनी देवी, बुद्धिबल्लभ नैनवाल, मनोज नेगी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!