जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में नलकूप की मोटर ठीक करने के दौरान करंट लगने से मोटर मैकेनिक की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में मैकेनिक को राजकीय बेस चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस उप निरीक्षक शशिभूषण जोशी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के ग्राम भागूवाला निवासी कोमल (38) पुत्र आशाराम जशोधरपुर स्थित संत आयरन फैक्ट्री में नलकूप की खराब मोटर ठीक करने आया था। मोटर की मरम्मत के बाद वह उसे दोबारा नलकूप में फिट कर रहा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया और करंट लगने से बेहोश हो गया। इसके बाद उसे तत्काल राजकीय बेस चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।