जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल में सोमवार को हिंदी दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतियोगिता में शिवानी ने अव्वल स्थान प्राप्त किया।

निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘हिंदी भाषा एवं बोलियां तथा भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘हिंदी सिनेमा एवं साहित्य का अंतर्संबंध’ रखा गया। निबंध प्रतियोगिता में शिवानी ने प्रथम, सोनिया ने द्वितीय तथा प्राकृति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में शिवानी प्रथम, सलोनी रावत द्वितीय एवं कल्पना तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यार्थियों ने हिंदी सिनेमा और साहित्य के पारस्परिक संबंध तथा समाज एवं संस्कृति पर इनके प्रभाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एलआर राजवंशी ने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के साथ भाषा एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. सुमन कुकरेती ने किया। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ. अजय रावत, डॉ. अर्चना नौटियाल, डॉ. मानसी वत्स, डॉ. नेहा शर्मा, डॉ. अभिषेक कुकरेती, डॉ. ऊषा सिंह एवं डॉ. वसीम अहमद सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही और हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति जागरूकता एवं सम्मान का संदेश दिया गया।