राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में दो इन्ट्रेक्ट क्लबों का गठन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रोटरी क्लब कोटद्वार के तत्वावधान में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, कोटद्वार में जूनियर वर्ग के ‘उड़ान’ एवं सीनियर वर्ग के ‘अचीवर्स’ नाम से दो इन्ट्रेक्ट क्लबों का गठन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब की अध्यक्ष रो. प्रतिभा गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि इन्ट्रेक्ट क्लब का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना विकसित करना है। क्लब के माध्यम से छात्राओं को रोटरी के सेवा कार्यों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व को निखारने और समाजहित में सक्रिया योगदान देने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान रोटरी सदस्यों ने छात्राओं को यातायात नियमों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा पॉलिथीन के दुष्प्रभाव और उसके सुरक्षित विकल्पों के बारे में जानकारी दी। साथ ही शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन और भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया गया। सीनियर वर्ग के ‘अचीवर्स’ क्लब में अनामिका को अध्यक्ष, नम्रता को सचिव और नंदिनी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं जूनियर वर्ग के ‘उड़ान’ क्लब में वर्षा अध्यक्ष, अक्षरा सचिव और उन्नति कोषाध्यक्ष चुनी गईं। दोनों क्लबों में 20-20 सदस्य रखे गए। क्लब के सभी सदस्यों को रोटरी अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता ने शपथ दिलाई। सोनी धस्माना को इन्ट्रेक्ट क्लब का कॉर्डिनेटर बनाया गया। कार्यक्रम में रो. ज्योति उपाध्याय, रो. अशोक अग्रवाल, रो. धीरज धर बछुवाण, रो. गोपाल बंसल एवं रो. उषा अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *