बागेश्वर। गरुड़ के प्रियापानी से सवारी लेकर हल्द्वानी जा रही एक जीप लोहारी के पास क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो स्कूली छात्र समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को 108 से सीएचसी बैजनाथ भर्ती किया गया। चार लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया। अन्य को भर्ती किया गया। घायल के परिजनों ने चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। कौसानी पुलिस के अनुसार जीप संख्या यूके-02- टीए- 1248 प्रियापानी गरुड़ से सवारी लेकर गुरुवार को हल्द्वानी के लिए रवाना हुई। रास्ते से दो स्कूली छात्र भी उसमें बैठ गए। लोहारी के पास जीप असंतुलित होकर सड़क के नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में चालक संतोष कुमार पुत्र प्रेम राम निवासी कौसानी, 64 वर्षीय दीवान राम पुत्र शेर राम, 33 वर्षीय शोभा पत्नी हिमांशु, पांच वर्षीय दिव्यांशु, एक वर्षीय कार्तिक, 51 वर्षीय जगदीश राम पुत्र प्रेम राम, 16 वर्षीय हर्षित पुत्र जगदीश राम, 16 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र विनोद कुमार तथा 18 वर्षीय करण कुमार पुत्र कैलाश राम घायल हो गए। घायलों को 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ भर्ती किया गया। यहां से चार लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। घायलों के परिजनों ने ड्राइवर पर शराब पी कर गाड़ी चलाने का आरोप लगाया। पुलिस की मौजूदगी में ड्राइवर का मेडिकल कराया गया। जांच के बाद चिकित्सा अधिकारी गौरव पांगती ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है। चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।