नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम पिपोला में सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन और गांव को नशामुक्त बनाने का निर्णय लिया गया है। ग्राम प्रधान सीमा नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि गांव में होने वाले सभी कार्यक्रमों को शराब मुक्त बनाया जाएगा।
ग्राम पंचायत पिपोला में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि गांव में होने वाले वैवाहिक कार्यक्रम, जन्मदिन, अन्य सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में शराब का प्रचलन चिंताजनक है। सभी लोगों को गांव में होने वाले किसी भी कार्यक्रम को शराब मुक्त बनाने में सहयोग करना होगा। प्रधान सीमा नेगी ने गांव के सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने और आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने के अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। शराब नहीं, संस्कार मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन केवल सरकारी प्रयासों से नहीं बल्कि जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प से संभव है।
पिपोला के ग्रामीणों की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक बनेगी। गांव में समाज सुधार समिति भी बनाई गई है। इसमें सीमा देवी और मनोेरमा देवी को संरक्षक, हर्षपति को अध्यक्ष, सुमित्रा देवी उपाध्यक्ष, पूनम देवी सचिव, कलावती देवी सह सचिव, संदीप नेगी कोषाध्यक्ष, मोनिका, शशि देवी, विनीता, प्रेमदत्त चमोली, दिवली देवी, गुड्डी देवी को सदस्य बनाया गया है। शराब नहीं संस्कार मुहिम की लक्ष्मी बहुगुणा और जगदीश बडोनी ने ग्रामीणों को नशा मुक्त समाज की शपथ दिलाई।